बरेली।
पुलिस के अनुसार विशाल शर्मा ने अलग-अलग लोगों से करीब 80 लाख रुपये, जबकि विनय श्रीवास्तव ने करीब 60 लाख रुपये कैनविज में निवेश कराए। दोनों के माध्यम से लगभग 1.40 करोड़ रुपये लगाए जाने की जानकारी जांच में सामने आई है। पुलिस दोनों के संपर्क में रहे निवेशकों और रकम के लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।
सोशल मीडिया वीडियो से मिली अहम जानकारी
13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और वीडियो की पृष्ठभूमि की जांच शुरू की। जांच के दौरान विशाल शर्मा और विनय श्रीवास्तव की पहचान सामने आई। इसके बाद बरेली रेंज की साइबर टीम और जिला सर्विलांस सेल ने दोनों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई।
लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने सोमवार शाम रैपुरा अंडरपास के पास कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक विशाल शर्मा इज्जतनगर और साइबर थाने में दर्ज मुकदमों में वांछित था। फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज एक मामले में भी दोनों आरोपियों की तलाश थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैनविज से जुड़े निवेश नेटवर्क में दोनों की भूमिका कितनी व्यापक थी और इनके संपर्क में कितने लोग थे।
वीडियो को लेकर आरोपियों का अलग दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने वायरल वीडियो को कई महीने पुराना बताया। आरोपियों का कहना है कि वीडियो में कही गई बातें कन्हैया गुलाटी पर दबाव बनाकर अपनी रकम वापस लेने के मकसद से कही गई थीं। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि वीडियो उनके किसी साथी ने हाल में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।
पुलिस वीडियो में किए गए दावों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों का कैनविज से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन से क्या संबंध है।
कन्हैया गुलाटी के खिलाफ 98 अभियोग
पुलिस के अनुसार कन्हैया गुलाटी के खिलाफ नवंबर 2025 से अब तक बरेली में 93 एफआईआर दर्ज हुई हैं। बदायूं में तीन तथा अंबेडकरनगर और बस्ती में एक-एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है। बिहार और झारखंड में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक कुल 98 अभियोग सामने आ चुके हैं।
कन्हैया गुलाटी को बारादरी थाने का हिस्ट्रीशीटर बताते हुए पुलिस ने कहा है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए कुल 75 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने दी जानकारी
एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के विश्लेषण के बाद विशाल शर्मा और विनय श्रीवास्तव की पहचान हुई। साइबर टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई कर दोनों की लोकेशन ट्रेस की और फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि दोनों से कैनविज मामले, निवेश कराने वाले लोगों और नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।




