जमीन विवाद में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

शाहजहांपुर। जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अपने ननिहाल आए युवक को दबंगों ने गोलियों से निशाना बना दिया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना मदनापुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है। बदायूं जिले के शैदापुर गांव निवासी अनिल कुमार पिछले दो महीने से अपने ननिहाल रामपुर गांव में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, अनिल के ननिहाल वालों ने गांव के ही एक पक्ष को जमीन बेची थी, लेकिन सौदे के बाद कुछ रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बीती रात जब अनिल मंदिर के पास मकान के बाहर लेटा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने छत से उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी।

एक गोली अनिल के कंधे में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां से उसे हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सीओ सिटी प्रयांक जैन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जड़ में जमीन के सौदे के बाद का रुपयों का विवाद है। घायल का इलाज जारी है और पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज