उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल की बैठक में व्यापारियों के मुद्दों पर हुई चर्चा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। चौपला व्यापार मण्डल कार्यालय पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल की अहम बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री बनवारी लाल कंचल ने की। इस दौरान नगर निगम द्वारा धर्मकांटा क्षेत्र के व्यापारियों को दी गई नोटिस को लेकर व्यापारियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।

 

व्यापारियों ने बताया कि निगम ने मार्केट को अवैध कब्जा बताते हुए एक सप्ताह में दुकानें खाली करने का आदेश दिया है, जबकि व्यापारी पिछले 40 वर्षों से वाल्मीकि मंदिर ट्रस्ट को किराया और नगर निगम को टैक्स अदा करते आ रहे हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम और बीडीए मनमाने ढंग से कार्यवाही कर रहे हैं।

 

बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता, इसलिए यदि कार्रवाई होती है तो दोषी अधिकारियों पर भी होनी चाहिए। इस पर अध्यक्ष बनवारी लाल कंचल ने कहा कि किसी भी कीमत पर व्यापारियों की दुकानें नहीं टूटने दी जाएंगी। अगर प्रशासन ने मनमानी की तो प्रदेशभर के व्यापारी आंदोलन करेंगे।

प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने व्यापारियों की छोटी गलतियों को लेकर उन्हें जेल भेजने की प्रथा खत्म कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर अब लगभग 13 व्यापारिक कानूनों में संशोधन किया गया है, जिससे अब छोटे मामलों में आर्थिक दंड और प्रशासनिक कार्यवाही होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 7 करोड़ व्यापारी हैं जो 70 करोड़ लोगों के जीवन यापन से जुड़े हैं, इसलिए व्यापारियों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाना चाहिए। केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी सुधार के लिए भी उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने कहा कि कंपनियों ने एमआरपी बढ़ाकर जनता को राहत से वंचित किया है, जिस पर सरकार को नियंत्रण करना चाहिए।

साथ ही उन्होंने बताया कि माहौल बिगाड़ने के आरोप में व्यापारी संगठन के युवा अध्यक्ष जुनैद अली खान उर्फ लकी शाह को संगठन से आजीवन निष्कासित कर दिया गया है। बैठक में शोभित सक्सेना, देवेंद्र जोशी, जफर बेग, हरीश अरोड़ा, मनोज अरोड़ा, दानिश जमाल, अश्विनी ओबेरॉय, विशाल सक्सेना, पुष्पेंद्र शुक्ला सहित कई मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment