जिला अस्पताल में ठेले पर मरीज ले जाने का मामला गरमाया, डीएम ने गठित की जांच कमेटी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जिला अस्पताल में मरीज को ठेले पर ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच बैठा दी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

वायरल वीडियो में एक मरीज को अस्पताल परिसर में ठेले के जरिए ले जाया जाता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि मरीज को स्ट्रेचर और एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई गईं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने एडीएम सिटी, एडीएम एफआर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच समिति में शामिल किया है। साथ ही मरीज को रेफर करने वाले डॉक्टर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि मरीजों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद विपक्षी दलों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर सवाल उठा रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज