आंवला। सिरौली थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में 9 वर्षीय विकलांग बच्चे की कथित हत्या का मामला जांच में नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। पिता पर बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगाने वाली शिकायत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कमजोर पड़ गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिसके बाद मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मोहल्ला गढ़ी निवासी अनिल के बेटे कन्हैया की 3 मई को मौत हो गई थी। कन्हैया जन्म से ही विकलांग था। बच्चे की मौत के चार दिन बाद उसकी मां संध्या ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पति ने बेटे को पानी में डुबाकर मार डाला और शव को तालाब किनारे दफना दिया।
मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू की। मजिस्ट्रेट के आदेश पर शनिवार को नायब तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चिन्हित स्थान पर खुदाई कर शव बाहर निकाला गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एसपी ग्रामीण साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शव निकलवाया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई। शव पर किसी प्रकार के चोट या हिंसा के निशान भी नहीं पाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




