मामूली टक्कर पर हैवानियत,सेल्समैन का अपहरण कर रातभर कार में घुमाया, पीटा और मांगी फिरौती

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। पीलीभीत बाइपास पर मामूली सड़क विवाद ने उस समय सनसनीखेज रूप ले लिया, जब कार से बाइक छू जाने पर दबंग युवकों ने शराब दुकान के सेल्समैन का कथित रूप से अपहरण कर लिया। आरोप है कि युवक को पूरी रात कार में घुमाकर पीटा गया और परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। पुलिस ने करीब 18 घंटे की तलाश के बाद पीड़ित को सकुशल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भुता थाना क्षेत्र के सिसैया गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गंगवार केसरपुर स्थित शराब दुकान पर सेल्समैन हैं। अभिषेक के मुताबिक शनिवार रात वह अपने परिचित ललित पटेल और अन्य साथियों के साथ प्लॉट दिखाकर वापस लौट रहे थे। सभी लोग दो बाइकों पर सवार थे।इसी दौरान पीलीभीत बाइपास स्थित महानगर कॉलोनी के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार उनकी बाइक से हल्की टकरा गई। अभिषेक का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कार में सवार चार युवक गुस्से में उतर आए और जबरन उन्हें कार में डालकर ले गए।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पूरी रात उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन से परिचितों को कॉल कराकर एक लाख रुपये की मांग की। अभिषेक ने बताया कि जब उसने अपनी आर्थिक स्थिति और परिवार की जिम्मेदारियों का हवाला दिया तो आरोपी अभद्रता करने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी बार-बार मोबाइल को फ्लाइट मोड पर कर रहे थे, जिससे लोकेशन ट्रैक करने में परेशानी आ रही थी।

करीब 18 घंटे बाद रविवार दोपहर पुलिस ने हवाई अड्डे के पास से अभिषेक को सकुशल मुक्त करा लिया। इस दौरान क्योलड़िया थाना क्षेत्र के चंद्रपुर ख्यालीराम गांव निवासी उमाशंकर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक मामले में नवाबगंज क्षेत्र के रिछौला निवासी विमल, क्योलड़िया क्षेत्र के गुलड़िया लेखराज निवासी आकाश और हरनेश की तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि बाइक और कार की मामूली टक्कर के बाद युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और सर्विलांस की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। करीब 18 घंटे बाद युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली गई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध मिली हैं, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज