शादी के दिन दुल्हन की इलाज के दौरान मौत, झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

मुमताज अली

बहेड़ी। शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बारात आने से चंद घंटे पहले एक दुल्हन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ हंगामा किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव देवीपुरा की है। गांव निवासी थान सिंह की पुत्री शांति की शादी बुधवार को तय थी और दोपहर में बारात आने वाली थी। लेकिन उसी सुबह शांति की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन घबरा गए और इलाज के लिए उसे नगर स्थित डॉ. तसलीम अहमद उर्फ भूरा के अल-शिफा हॉस्पिटल ले गए।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी जांच के तुरंत ड्रिप चढ़ा दी, जिसके बाद शांति की हालत और बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इस पर अस्पताल संचालक ने परिजनों को गुमराह करते हुए शांति को भोजीपुरा के एक मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, शादी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। शोकग्रस्त परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान आरोपी डॉक्टर मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। मृतका के पिता थान सिंह की तहरीर पर झोलाछाप डॉक्टर तसलीम अहमद उर्फ भूरा के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। वहीं, परिजनों का कहना है कि शादी की खुशियां इस तरह मातम में बदल जाएंगी, उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज