25 साल की सियासत के बाद चुनावी मैदान में रणवीर सिंह जाटव, बरेली कैंट सीट से ठोकेंगे ताल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। करीब ढाई दशक तक राजनीति में सक्रिय रहने के बाद अब रणवीर सिंह जाटव चुनावी राजनीति में अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में हैं। अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव रणवीर सिंह ने बरेली कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर की है। बसपा से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर अब सपा के साथ नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। कैंट सीट पर उनकी दावेदारी के साथ ही राजनीतिक हलकों में उनकी सक्रियता चर्चा का विषय बन गई है।

 

रणवीर सिंह जाटव पिछले 20 से 25 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। उनके राजनीतिक सफर का लगभग 15 साल बसपा में बीता। हालांकि, बाद में उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली। रणवीर का कहना है कि उन्हें महसूस हुआ कि बसपा अपनी मूल विचारधारा से दूर होती जा रही है। उनके मुताबिक, पार्टी की राजनीतिक दिशा में आए बदलाव के चलते उन्होंने नया रास्ता चुनने का फैसला किया।

रणवीर सिंह का कहना है कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के 400 पार के नारे के बीच सपा ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसी राजनीतिक घटनाक्रम ने उन्हें सपा की ओर आकर्षित किया। अब वह संविधान की रक्षा, सामाजिक अधिकार, युवाओं के लिए रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं।

 

 

समाज के मुद्दों को राजनीति का आधार बनाने का दावा

रणवीर सिंह जाटव का कहना है कि राजनीति केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इसका असली उद्देश्य समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उनका मानना है कि जनता का विश्वास और सामाजिक मुद्दों के प्रति प्रतिबद्धता ही राजनीति में किसी व्यक्ति की पहचान बनाती है।

फोटो। सोशल मीडिया

इसी सोच के साथ रणवीर सिंह जाटव अब बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुटे हैं। करीब 25 साल के राजनीतिक अनुभव के बाद चुनावी मैदान में उतरने की उनकी तैयारी आने वाले समय में कैंट की सियासत में एक नया घटनाक्रम बन सकती है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment