12 एकड़ जमीन के विवाद में किसान की मौत से उबाल, गोरखपुर के कुलपति समेत पांच पर FIR

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जमीन के विवाद में किसान भगवान सिंह की मौत ने बहेड़ी के पचपेड़ा में तनाव बढ़ा दिया है। एक तरफ परिवार न्याय की मांग को लेकर अड़ा है तो दूसरी तरफ किसानों और समर्थकों की लामबंदी शुरू हो गई है। मामले में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हैं।

उनकी तीन मांगें हैं—डेढ़ करोड़ रुपये का मुआवजा, कुलपति की गिरफ्तारी और विवादित 12 एकड़ जमीन वापस दिलाना। हालात को देखते हुए बहेड़ी और पचपेड़ा में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसडीएम, सीओ और कई थानों के प्रभारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

सोर्स। स्थानीय रिपोर्टर

तीन पन्नों के सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

पुलिस के मुताबिक 20 नवंबर को करीब साढ़े तीन बजे भगवान सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उनकी मौत के बाद पुलिस को तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला। इसमें उन्होंने जमीन विवाद से जुड़े कई लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। नोट में बच्चों को आपस में मिलकर रहने और मां का ध्यान रखने की हिदायत दी गई है। उन्होंने सुखदेव सिंह नामधारी से भी अपने बच्चों का ख्याल रखने की अपील की है। इसके अलावा कुछ लोगों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई कराने की बात लिखी है।

फोटो में बरेली पोस्टमार्टम हाउस , जहां किसान भगवान सिंह का पोस्टमार्टम शनिवार को सुरक्षा के बीच हुआ था

1995 में खरीदी थी 24 एकड़ जमीन

पुलिस के विवरण के अनुसार, भगवान सिंह वर्ष 1992 में पंजाब से पचपेड़ा आए थे। उन्होंने 1995 में गुरनाम सिंह से 24 एकड़ जमीन खरीदी थी, लेकिन उसका दाखिल-खारिज नहीं हो सका। इस जमीन में 12 एकड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। वर्ष 2015 में चकबंदी सीओ के आदेश के बाद भूमि अभिलेखों से उनका नाम निरस्त कर दिया गया।

 

इसके बाद वर्ष 2019 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई। पुलिस के अनुसार, बाद में भगवान सिंह मुकदमा हार गए और उन्होंने रिवीजन दाखिल किया। आरोप है कि वर्ष 2025 में रोहिलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह ने करीब 12 एकड़ जमीन अपनी पत्नी संजेश और रिश्तेदारों के नाम करा ली।

कुलपति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा

भगवान सिंह के बेटे भाग सिंह की तहरीर पर 21 नवंबर की रात बहेड़ी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 932/2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 108, 318(4), 336(3), 340(2) और 61(2) लगाई गई हैं। नामजद आरोपियों में प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा अज्ञात सहयोगियों को भी आरोपी बनाया गया है। तहरीर में आरोपियों पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन का बैनामा कराने और भगवान सिंह को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

नामधारी की मौजूदगी के बाद बढ़ी हलचल

मामले में उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा से जुड़े रहे और उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी की मौजूदगी भी चर्चा में है। सुसाइड नोट में भगवान सिंह ने उनसे अपने बच्चों का ख्याल रखने की अपील की थी। नामधारी के पचपेड़ा पहुंचने के बाद घटनाक्रम को लेकर हलचल और बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सरदार भगवान सिंह के नामधारी नजदीकी रिश्तेदार है।

बहेड़ी  गुरुद्वारे पर बैठक की खबर

रविवार सुबह 10 बजे गुरुद्वारे के पास किसानों, परिजनों और समर्थकों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें तीन मांगों को लेकर आगे की रणनीति तय होगी। गुरुद्वारे पर धरना शुरू करने की तैयारी भी है। फिलहाल भगवान सिंह का पार्थिव शरीर घर पर रखा है और अंतिम संस्कार नहीं हुआ है। पचपेड़ा में भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज