बरेली। आंवला तहसील के विकास क्षेत्र मझगवां अंतर्गत ग्राम पंचायत कंधरपुर शिवनगर में पंचायत निर्वाचन नामावली को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है । जहां गांव के कई लोगों ने जिला प्रशासन को शिकायती पत्र देकर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत निर्वाचन नामावली 2026 की अंतिम सूची में कई पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं, जबकि कुछ नए नामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम सूची से हट गए हैं, जो वर्षों से गांव के निवासी होने के साथ नियमित मतदाता भी रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे उनके स्थानीय निवासी होने की पुष्टि होती है। इसके बावजूद अंतिम मतदाता सूची में उनके नाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि सूची में शामिल किए गए कुछ नामों का सत्यापन पूरी पारदर्शिता के साथ नहीं किया गया।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मतदाता सूची की समीक्षा नहीं की गई तो पंचायत चुनाव के दौरान विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।
शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुरोध किया है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए, पात्र मतदाताओं के नाम पुनः सूची में शामिल किए जाएं और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




