बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि परिवार द्वारा रिश्ते को मंजूरी न मिलने से आहत युवक और युवती ने शनिवार को कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में दोनों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार भोजीपुरा क्षेत्र के मकरंदापुर गांव निवासी 22 वर्षीय युवक का अपनी रिश्तेदारी में लगने वाली 18 वर्षीय युवती से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक और सामाजिक कारणों से परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों पिछले कुछ समय से तनाव में बताए जा रहे थे।

शनिवार को युवती घर से निकलकर युवक के पास पहुंची। इसके बाद दोनों गांव से बाहर खेत की ओर चले गए, जहां उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। युवती की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस और डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृत युवक के खिलाफ पूर्व में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज था, जिसकी सुनवाई न्यायालय में चल रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।




