मीरगंज में कथित धर्म परिवर्तन का मामला, प्रचारक गिरफ्तार; धार्मिक पुस्तकें और मोबाइल बरामद

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के सैंजना गांव में कथित धर्म परिवर्तन के प्रयास से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि वह लोगों को विभिन्न प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। आरोपी के पास से धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामग्री बरामद होने का दावा किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सैंजना गांव निवासी एक युवक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि 9 जुलाई को गांव में आयोजित एक धार्मिक सभा के दौरान शीशगढ़ क्षेत्र के भुड़ासी निवासी प्रेमपाल लोगों को नौकरी, आर्थिक सहायता और बेहतर जीवन का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सभा के दौरान हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने प्रेमपाल को नगरिया सादात फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने स्वयं को ईसाई धर्म का प्रचारक बताया। उसके कब्जे से बाइबिल, नया नियम की पुस्तकें, भजन संहिता एवं नीति वचन, ‘मुक्तिदाता कौन’ नामक पुस्तक, आध्यात्मिक गीतों की पुस्तक, एक हस्तलिखित नोटबुक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि दर्ज शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment