INDIA गठबंधन की महारैली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल-अखिलेश से ममता तक ने चुनाव आयोग को घेरा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की महारैली में विपक्षी दलों ने एकजुट होकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला समेत विपक्ष के कई दिग्गज नेताओं ने मंच साझा किया। महारैली में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर जमकर सवाल उठाए गए। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।

 

फोटो सोर्स।सोशल मीडिया

राहुल गांधी ने लगाया 15 प्रतिशत वोटरों के नाम काटने का आरोप

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के चुनाव के बाद देश के करीब 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। राहुल ने इसे लोकतंत्र और मताधिकार के लिए गंभीर खतरा बताते हुए 2024 के चुनाव की वैधता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।

फोटो सोर्स।सोशल मीडिया

राहुल गांधी ने कहा कि देश का संविधान सर्वोच्च है और कोई भी व्यक्ति संविधान से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कथित वोट चोरी के मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे पर जोर दिया। उनका कहना था कि विपक्ष इस मुद्दे पर पीछे हटने वाला नहीं है और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं होगा।

अखिलेश का भाजपा पर तंज, बोले- जमीन नहीं बचेगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश की राजनीति को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि जो लोग यूपी के रास्ते दिल्ली की सत्ता तक पहुंचे हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश की जनता ही सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। अखिलेश ने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा की विदाई का दावा किया।

फोटो सोर्स। सोशल मीडिया

मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में करीब एक करोड़ 27 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्री के अंगद के पैर वाले बयान पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा, ‘जब जमीन ही नहीं बचेगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे।’ उन्होंने कहा कि देश में राजनीतिक बदलाव होकर रहेगा।

ममता बनर्जी बोलीं- बंगाल में हारी नहीं, हराया गया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए। ममता ने आरोप लगाया कि बंगाल में चुनाव के दौरान अनियमितताएं हुईं और उनकी पार्टी को हराने की कोशिश की गई। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि बंगाल में हारी नहीं, बल्कि हराया गया। ममता ने कहा कि लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

सोर्स।मंच

खरगे ने दोहराई मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं और मतदाताओं के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। खरगे ने कहा कि विपक्ष सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों से डरने वाला नहीं है। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों से एकजुट रहने की अपील की।

तेजस्वी ने देशद्रोह का मुकदमा चलाने की उठाई मांग

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग उठाकर सियासी माहौल गरमा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है और संवैधानिक संस्थाएं अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रही हैं। वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने देश की एकता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है।

कुल मिलाकर रामलीला मैदान की इस महारैली में विपक्ष ने मतदाता सूची, कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया। विपक्षी नेताओं के तीखे बयानों से साफ है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा देश की राजनीति में और गरमाने वाला है।

वोट बचाओ देश बचाओ’ महारैली में बरेली से उमड़े सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में बरेली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशफाक सकलैनी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।

सोर्स। बरेली कांग्रेस

प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने बताया कि जिला अध्यक्ष अशफाक सकलैनी ने कहा कि लोकतंत्र पर खतरा आने पर जनता अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरती है। रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब इसी जागरूकता का प्रमाण है।

प्रदेश महासचिव ओमवीर यादव ने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बदलाव जनता की ताकत और वोट से ही संभव है।

सोर्स।सोशल मीडिया

रैली में महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, इल्यास अंसारी, युसूफ, फेज, राजा राम साहू, अमित साहू, बबन महाराज, सुब्हान, असद और कल्लू याषार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज