बरेली। अपने बयानों और फतवों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की शादी को लेकर फतवा जारी किया है। मौलाना ने इस शादी को इस्लाम की नजर में नाजायज बताया है। इससे पहले भी वह सारा अली खान और भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में आ चुके हैं।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का कहना है कि इस्लाम में निकाह के लिए कुछ जरूरी नियम तय किए गए हैं। इनमें लड़का और लड़की दोनों का मुसलमान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला मुसलमान हैं, जबकि निधि राजदान गैर-मुस्लिम हैं। ऐसे में दोनों की शादी इस्लामी शरीयत के हिसाब से जायज नहीं है।
मौलाना के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला को शादी से पहले निधि राजदान को इस्लाम कबूल कराना चाहिए था। इसके बाद निकाह किया जाता तो शादी जायज होती। उन्होंने साफ कहा कि ऐसा नहीं होने के कारण यह शादी इस्लाम के नजरिए से नाजायज है।
गौरतलब है कि मौलाना शहाबुद्दीन रजवी इससे पहले अभिनेत्री सारा अली खान से जुड़े धार्मिक मामले और भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर दिए गए बयानों के कारण भी सुर्खियों में रहे हैं। अब उमर अब्दुल्ला की शादी पर उनके ताजा बयान ने एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।



