बरेली में नाबालिग की हत्या का खुलासा, प्रेम प्रसंग से नाराज चाचा ने गला घोंटा; पैरों में मिलीं कीलें

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। अलीगंज इलाके में नाबालिग बालिका की हत्या के मामले ने पुलिस जांच के बाद नया मोड़ ले लिया है। अनिरुद्धपुर गौटिया गांव में लापता हुई बालिका का शव खेत में दफन मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया तो हत्या के तरीके से जुड़े चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मामले में पुलिस ने मृतका के चाचा जयप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सोर्स। न्यूज वोक्स

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बालिका के प्रेम प्रसंग को लेकर चाचा की नाराजगी सामने आई है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते जयप्रकाश ने बालिका की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया।

प्रेमी की सूचना पर शुरू हुई जांच

बताया गया कि बालिका के लापता होने के बाद उसके प्रेमी ने पुलिस से संपर्क किया। उसने आशंका जताई कि बालिका की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद अलीगंज पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान खेत में शव दफन होने की जानकारी सामने आई।

सोर्स।न्यूज वोक्स

इसके बाद जिलाधिकारी की अनुमति से कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम में हत्या के संकेत

एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा के मुताबिक, पोस्टमार्टम से बालिका की मौत गला दबाए जाने से होने के संकेत मिले हैं। उसके गले के आसपास गमछा मिला, जिसमें गांठें लगी थीं। इसके अलावा दुपट्टा भी गले के चारों ओर लपेटा हुआ मिला।

जांच के दौरान बालिका के पैरों में लोहे की कीलें भी पाए जाने की बात सामने आई। पुलिस इस पहलू को कथित तांत्रिक क्रिया और अंधविश्वास से जोड़कर देख रही है। पुलिस के मुताबिक, कीलें लगाने का उद्देश्य मृतका के शरीर और कथित सूक्ष्म शरीर को बांधने की मान्यता से जुड़ा हो सकता है।

चाचा पर मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार

मृतका के दादा नत्थू लाल की शिकायत पर अलीगंज थाने में आरोपी जयप्रकाश के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दूसरे साक्ष्यों को जांच में शामिल कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की वारदात में कोई अन्य शामिल तो नहीं था।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज