छत से फेंककर युवक की हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि आरोपी का एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 02 फरवरी 2026 की रात ग्राम केसरपुर निवासी गीता पत्नी प्रेमशंकर ने सूचना दी थी कि उनके 20 वर्षीय पुत्र विनोद के साथ गांव के ही युवक राशिद, समीम और जीशान ने मारपीट की। इसके बाद विनोद को ग्राम गुरगांवा ले जाकर छत से नीचे धक्का दे दिया गया। गंभीर रूप से घायल विनोद को उसके पिता प्रेमशंकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पीड़ित परिवार की तहरीर पर थाना सिरौली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य स्वयं मौके पर पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं।

03 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी आरिल नदी के रास्ते जनपद बदायूं की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम नवावपुरा से आरिल नदी जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों भागने लगे और आगे जाकर उनकी बाइक फिसल गई।

इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी राशिद पुत्र रियासत निवासी ग्राम केसरपुर थाना सिरौली जनपद बरेली के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस (.315 बोर) और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के मामले में अलग से अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज