बरेली। जिस उम्र में युवा अपने भविष्य को संवारने और रोजगार की तलाश में जुटे रहते हैं, उसी उम्र में कुछ युवकों ने अपराध का रास्ता चुन लिया। महिलाओं से कुंडल लूटने की वारदात में गिरफ्तार किए गए चार युवकों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच है। पुलिस कार्रवाई के बाद जब ये आरोपी पकड़े गए तो अपने किए पर पछतावा जताते नजर आए और दोबारा अपराध न करने की बात कही।

बहेड़ी थाना क्षेत्र में 18 जून को चुरैली नहर पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक दंपति और उनकी रिश्तेदार महिला से कुंडल लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने सर्विलांस, एसओजी और थाना बहेड़ी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में छह युवकों की संलिप्तता सामने आई।
शनिवार देर रात पचपेड़ा चौराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बाइकों पर सवार छह संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइकें फिसल गईं। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विकास और सौरभ के पैरों में गोली लगी, जबकि ललित और सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जल्द पैसा कमाने की चाह में अपराध का रास्ता अपनाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में अपराध न करने की बात कही।क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण कुमार ने बताया कि महिलाओं से कुंडल लूट की घटना का 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर लिया गया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो घायल हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की गई हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




