बरेली में बिल मांगना पड़ा भारी: ढाबे पर बवाल, मैकेनिक पर तलवार से हमले का आरोप, वीडियो वायरल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में खाने का बिल मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि ढाबे पर खाना खाने आए कुछ युवकों ने बिल मांगने पर पहले हंगामा किया, फिर ढाबा संचालक के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे एक मैकेनिक पर भी कथित रूप से तलवार से हमला कर दिया गया, जिसमें वह घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित बड़ा बाईपास पर एक ढाबे पर कुछ युवक खाना खाने पहुंचे थे। भोजन करने के बाद जब ढाबा कर्मचारियों ने उनसे बिल का भुगतान करने को कहा तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने बिल देने के बजाय अभद्रता शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर ढाबा संचालक आकाश गंगवार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट और हंगामे की आवाज सुनकर पास में टायर मैकेनिक का काम करने वाले सलीम खान मौके पर पहुंच गए। सलीम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।पीड़ित सलीम खान का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी दोबारा मौके पर लौटे और इस बार उनके हाथ में तलवार थी। आरोपियों ने तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और पेट में चोटें आईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अवधेश नामक आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

सीबीगंज थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज