बहेड़ी। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों ने खुलकर अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 75 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और बकाया भुगतान जल्द दिलाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।वहीं पूर्व पालिका अध्यक्ष पति नसीम अहमद ने नगर पालिका परिषद से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने नगर में अपेक्षाकृत अधिक भवन कर वसूले जाने, पंजाबी कॉलोनी पावर हाउस के सामने अवैध दुकानों के निर्माण, पेयजल पाइपलाइनों में लीकेज तथा दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या को अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर में जलकल अभियंता की तैनाती न होने के कारण पेयजल संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।
समाधान दिवस में एक अन्य शिकायत टीका के तालाब की भूमि पर कथित अवैध निर्माण को लेकर भी सामने आई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की संपत्ति माने जाने वाले तालाब क्षेत्र में कब्जा कर निर्माण कार्य कराया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के डेमो चेक वितरित किए गए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए फल भी वितरित किए।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जनता की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




