पीलीभीत में गैस गीजर बना जानलेवा, बाथरूम में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

पीलीभीत।शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोकुलधाम उर्फ गुरुकुलपुरम कॉलोनी में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। किराए के मकान के बाथरूम में पति और पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में बाथरूम में लगे गैस गीजर से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

सूचना पर पहुंची पुलिस को बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश करने पर दंपती बेहोशी की हालत में पड़े मिले, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

मृतकों की पहचान हरजिंदर सिंह (उम्र लगभग 42 वर्ष) और उनकी पत्नी रेनू सक्सेना (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था और कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार बाथरूम में गैस गीजर लगा हुआ था, जबकि वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था नहीं थी। आशंका है कि गीजर से निकलने वाली गैस बाथरूम में भर गई, जिससे ऑक्सीजन की कमी हो गई और दोनों बेहोश हो गए। समय रहते बाहर न निकल पाने के कारण उनकी जान चली गई।

परिजनों ने बताया कि रेनू के हाथ में फ्रैक्चर था और उस पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि पति उन्हें सहारा देने या नहलाने के लिए बाथरूम में मौजूद रहा होगा, इसी दौरान यह हादसा हो गया।

हालांकि पुलिस इसे प्राथमिक तौर पर हादसा मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद से कॉलोनी में शोक का माहौल है। पड़ोसियों के अनुसार काफी देर तक कोई हलचल न होने पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज