मुमताज अली
बरेली। बरेली में गुरुवार को अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इज्जतनगर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मौसी-भांजे को पीछे से टक्कर मार दी, जबकि बहेड़ी में बाइक अनियंत्रित होने के बाद सड़क पर गिरे महिला और पुरुष ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इज्जतनगर में ट्रक ने मौसी-भांजे को कुचला
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अहलादपुर चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मौसी-भांजे को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे और ट्रक उन्हें काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक, दोनों भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस अस्पताल से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बहेड़ी में बाइक अनियंत्रित होने के बाद ट्रक की चपेट में आए
दूसरा हादसा बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम डाड़ी अभयचंद्र के पास दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला और पुरुष बाइक से बहेड़ी की ओर से पुलभट्टा की तरफ जा रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क की दूसरी ओर जा गिरे।इसी दौरान पुलभट्टा की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई शिनाख्त
बहेड़ी थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि हादसे में मृत महिला और पुरुष की शिनाख्त हो गई है। महिला की पहचान मिथलेश और पुरुष की पहचान सोमपाल के रूप में हुई है। दोनों क्योलड़िया थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।एक ही दिन में बरेली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए इन सड़क हादसों में चार लोगों की जान जाने से उनके परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।



