दिल्ली जाते वक्त बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: चलती कार में लगी आग, पांच की मौत, एक गंभीर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

बदायूं/बुलंदशहर। दिल्ली जाते समय बुलंदशहर जिले में एक चलती कार में अचानक आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद और अनूपशहर के बीच मंगलवार सुबह करीब 6 बजे की है। कार में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

मूल रूप से बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के चमरपुरा गांव निवासी तंजीर अहमद (30) अपनी पत्नी निदा (25), बहनोई जुबैर (30), उसकी पत्नी गुड्डो (30), चार वर्षीय बेटे और बहन गुल्लो के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे। कार में आग लगने से तंजीर, निदा, जुबैर, गुड्डो और चार साल के बच्चे की मौत हो गई। गुल्लो गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में आग लगते ही धुआं निकलने लगा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया और कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया।

परिजनों के मुताबिक, तंजीर अहमद दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी और कार उन्हें उपहार में मिली थी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया है।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज