बरेली कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत आठ मंडलों का गठन, अलखनाथ मंडल में हुई समीक्षा बैठक

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गाइडलाइन के तहत बरेली महानगर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 80 वार्डों को मिलाकर 8 मंडलों का गठन किया है। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत यह कार्य संरचनात्मक मजबूती के उद्देश्य से किया गया है।

महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दद्दा ने जानकारी देते हुए बताया कि बरेली शहर के सभी 80 वार्डों को 10-10 के समूह में विभाजित करते हुए कुल 8 मंडलों का निर्माण किया गया है। हर मंडल को सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जोड़ते हुए नाम भी निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पहला मंडल मढ़ीनाथ मंडल, दूसरा आला हज़रत मंडल, तीसरा गुरु नानक देव मंडल, चौथा अलखनाथ मंडल, पांचवां गांधी मंडल, छठा कबीर मंडल, सातवां बनखंडी नाथ मंडल तथा आठवां शाहदाना वली मंडल के नाम से जाना जाएगा। यह नामकरण क्षेत्रीय सामाजिक समरसता और विरासत को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

श्री दद्दा ने बताया कि प्रत्येक मंडल के अंतर्गत 10 वार्ड शामिल किए गए हैं, जिसमें आसपास के वार्डों को समाहित कर संगठन की कार्यप्रणाली को सरल और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है। साथ ही प्रत्येक मंडल में एक मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति भी की जाएगी, जो संबंधित वार्ड अध्यक्षों के साथ मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे।

इसी क्रम में आज अलखनाथ मंडल के अंतर्गत आने वाले वार्ड जौहरपुर और स्वाले नगर नवादिया में पदाधिकारियों द्वारा भ्रमण किया गया। इसके बाद  रामपुर रोड स्थित गैलेक्सी पैलेस में मंडल स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में वार्ड अध्यक्षों और संभावित मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन सृजन अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई और उन्हें निर्देशित किया गया कि वे वार्ड स्तर पर जनसंपर्क और कार्यकर्ता संवाद को मजबूत करें।

बैठक में प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, महेंद्र पाल गंगवार, महासचिव डॉ. सरताज हुसैन, आर.बी. सिंह प्रजापति, सचिव नजमी जोया खान, सैयद सफदर अली, कोषाध्यक्ष तीरथ मधुकर, अतीक अहमद, डॉ. इमरान रजा, आरिफ अली, मनोज घोष, आसिफ बेग, शाहिद खान और मोबीन अहमद एडवोकेट उपस्थित रहे।

इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस संगठन को वार्ड स्तर तक सुदृढ़ कर, आगामी चुनावों के लिए एक ठोस और सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज