शाहजहांपुर: मोबाइल तोड़ने के विवाद में डीएलएड छात्र को जमीन पर पटककर मार डाला

Picture of Anuj Saxena

Anuj Saxena

FOLLOW US:

SHARE:

शाहजहांपुर: मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव प्रतापपुर घावरा में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हो गई। मोबाइल तोड़ने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक ग्रामीण ने 21 वर्षीय डीएलएड के छात्र अरविंद कुमार की जमीन पर पटक-पटककर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी उसी गांव का रहने वाला है, जो मौके से फरार हो गया।

बताते हैं कि रविवार शाम लगभग पांच बजे छात्र अरविंद कुमार अपने घर के बाहर मोबाइल पर गाना सुन रहा था। तभी वहीं के रहने वाले सरबन का बेटा यश उसके पास पहुंचा और मोबाइल मांगने लगा। अरविंद के मना करने पर यश ने जबरन मोबाइल छीनने के बाद जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया।

इस पर यश ने घर जाकर अरविंद पर पीटने का आरोप लगाते हुए अपने पिता सरबन से शिकायत की। इसके करीब एक घंटे बाद अरविंद उसके घर के सामने से गुजर रहा था। आरोप है कि तभी सरबन ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज से शुरू कर दी। इससे दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई होने लगी।

तभी आरोपी सरबन ने अरविंद को उठाकर जमीन पर कई बार बेरहमी से पटका। सिर में गंभीर चोट लगने से अरविंद बेहोश हो गया। उसे मृत जानकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसका पता लगने पर पहुंचे परिजन अरविंद को उठकार सीएचसी जलालाबाद ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अरविंद दो भाइयों में छोटा था। पिता दृगपाल और बड़ा भाई गोविंद खेती करते हैं। अरविंद मिर्जापुर स्थित एक डिग्री कॉलेज से डीएलएड की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

Anuj Saxena
Author: Anuj Saxena

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज