जिलाधिकारी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश ,कहा परीक्षा पूरी पारदर्शिता से हो

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली । उत्तर प्रदेश पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह

ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जनपद बरेली में इस परीक्षा का आयोजन कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। परीक्षा में 6960 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 2912 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 4048 अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, श्री गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज और श्री गुरु नानक रिक्खी सिंह कन्या इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों पर जाकर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की व्यवस्था को भी परखा। सभी कैमरे सुचारू रूप से संचालित पाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अविनाश सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने तथा नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इस दिशा में कोई भी चूक स्वीकार्य नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। पूरा परीक्षा आयोजन जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुआ।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज