नदी में नहाने गए साले-बहनोई की डूबने से मौत, चार घंटे बाद गोताखोरों ने निकाले शव

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भुता थाना क्षेत्र के कैलाश पुल के पास रविवार को नदी में नहाने गए साले और बहनोई की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले। घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Photo। Social media

जानकारी के अनुसार, ग्राम अहिरौला निवासी 19 वर्षीय रोहित कश्यप अपने बहनोई 22 वर्षीय विवेक कश्यप, निवासी रोहनिया (जनपद पीलीभीत), के साथ सुबह करीब 10 बजे नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया। काफी देर तक दोनों का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि बाहरी गोताखोर टीम को समय पर नहीं बुलाया गया। इसी बात को लेकर कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर एसडीएम फरीदपुर, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद पहुंची गोताखोर टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब चार घंटे बाद पहले रोहित और फिर विवेक का शव नदी से बाहर निकाला।

बताया जाता है कि विवेक अपनी ससुराल में भतीजे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे। उनकी शादी इसी वर्ष फरवरी में रोहित की बहन बीना के साथ हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। विवेक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने पुलिस को लिखित रूप से पोस्टमार्टम न कराने की जानकारी दी, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों शव उनके सुपुर्द कर दिए गए। मामले की जांच प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कराई गई।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज