नेपाल भागने की फिराक में थे दिशा पाटनी के घर फायरिंग के आरोपी, मुठभेड़ में दोनों बदमाश गिरफ्तार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के सिविल लाइंस स्थित घर पर हुई फायरिंग का मामला लगातार सुर्खियों में है। इस केस में पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब नेपाल भागने की फिराक में निकले दो बदमाशों को शुक्रवार शाम शाही थाना क्षेत्र के दुनका-बिहारीपुर रोड स्थित किच्छा नदी पुल के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

 

मुठभेड़ में राजस्थान का कुख्यात अपराधी और पच्चीस हजार का इनामी बदमाश रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि हरियाणा निवासी अनिल को भी दबोच लिया गया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुठभेड़ में रामनिवास के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग में शामिल था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसके पास से 32 बोर की पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए।

मुठभेड़ में पकड़े गए अनिल पुत्र सतीश, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। यही बाइक पाटनी के घर की रेकी में इस्तेमाल की गई थी। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हैं।

 

रामनिवास राजस्थान के अजमेर जनपद के बियावर क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि अनिल हरियाणा के सोनीपत का निवासी है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग संगठित तरीके से काम कर रहा था ।

इससे पहले गाजियाबाद में यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में दो शूटर रविंद्र और अरुण को मार गिराया था। वहीं, दिल्ली पुलिस ने नकुल और विजय को गिरफ्तार किया था। अब बरेली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क के उजागर होने की उम्मीद है।

 

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के मामले में बरेली एसओजी ने थाना शाही क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार किए है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया है। दोनों बदमाश नेपाल भागने की फिराक में थे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज