बरेली। आंवला थाना क्षेत्र के करुआताल गांव में धान की रोपाई के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद एक किसान की जान ले गया। आरोप है कि लेनदेन को लेकर कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने 46 वर्षीय किसान पूरनलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों का कहना है कि पूरनलाल का गांव के कुछ लोगों से धान की रोपाई के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी उनके घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। हमले में पूरनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवला लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही नामजद और संदिग्ध आरोपियों की तलाश में दबिश भी दी जा रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी भूरी देवी और नौ बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आंवला इंस्पेक्टर बीनू सिंह ने बताया कि किसान की मौत के मामले में अभी परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



