किसानों का सरकार को अल्टीमेटम, एमएसपी की गारंटी और कर्जमाफी समेत उठाईं कई मांगें

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली में भाकियू टिकैत का दो दिवसीय प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बरेली। फसलों का उचित दाम, किसानों की कर्जमाफी और मजदूरों के अधिकारों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने बरेली में आंदोलन का बिगुल बजाया। संगठन के बैनर तले किसानों ने मंडल आयुक्त कार्यालय पर दो दिवसीय धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। 26 नवंबर को भाईचारा विरोध दिवस के अवसर पर किसान नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन मंडल आयुक्त को सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलों और चौधरी सोमवीर सिंह की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में किसानों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। चौधरी सोमवीर सिंह ने कहा कि 9 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार ने किसानों से लिखित समझौते के तहत कई वादे किए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कृषि नीतियों पर किसान संगठनों के साथ बातचीत शुरू करने की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी दर्जा देने, सी2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर फसलों का मूल्य निर्धारित करने और संपूर्ण कर्जमाफी की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा, बिजली संशोधन विधेयक वापस लेने, स्मार्ट मीटर पर रोक और भूमि अधिग्रहण बंद करने की मांग की गई।

मजदूरों के वेतन और पेंशन का मुद्दा भी उठाया

किसानों ने चारों श्रम संहिताएं समाप्त करने और मजदूरों के लिए 42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की मांग की। मनरेगा में 200 दिन काम और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की भी मांग रखी। 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों और कृषि मजदूरों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन तथा ग्रामीण परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

इसके अलावा राज्यों के संघीय अधिकारों की रक्षा, राजस्व में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी, अति-धनी लोगों पर कर लगाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग की गई। किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों की याद में दिल्ली में स्मारक बनाने के साथ जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment