बरेली में दो जगह आग की घटनाओं से मचा हड़कंप, इथेनॉल टैंकर से टकराया ट्रक, कार भी बनी आग का गोला

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

सोर्स। बरेली अग्निशमन विभाग

बरेली।

बरेली में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में इथेनॉल से भरे टैंकर में ट्रक की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें चालक की जान चली गई। वहीं, सुभाषनगर के मणिनाथ इलाके में चलती कार अचानक आग की लपटों से घिर गई। दोनों घटनाओं में दमकल टीम को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

टैंकर से टकराने के बाद ट्रक में लगी आग, चालक की मौत

फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़े इथेनॉल से भरे टैंकर में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग फैल गई। लपटों ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और चालक जमाल केबिन में फंस गया। आग में जलने से उसकी मौत हो गई, जबकि कंडक्टर नसीम ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।

करीब चार घंटे तक दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सीओ फरीदपुर के मुताबिक, पुलिस ने चालक के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच जारी है।

मणिनाथ में चलती कार में लगी आग, दमकल ने संभाला मोर्चा

दूसरी घटना सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मणिनाथ की है। यहां सड़क पर दौड़ रही एक कार में अचानक आग लग गई। कार से उठती लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। फिलहाल फायर टीम कार में आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज