चंबल एक्सप्रेस में दो किलो सोने की लूट का बरेली में खुला राज, एक करोड़ के गोल्ड बिस्कुट के साथ आरोपी गिरफ्तार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

खुद को DRI अधिकारी बताकर ट्रेन में सराफा कारोबारी से करीब दो किलो सोना लूटने वाले गिरोह के फरार सदस्य को बरेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीरगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने राहुल मौर्य को पकड़कर उसके कब्जे से 880 ग्राम वजन के सोने के आठ बिस्कुट बरामद किए हैं। बरामद सोने की कीमत करीब एक करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के पास से 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लूट में मिले सोने को ठिकाने लगाने के बाद दूसरे राज्य में छिपने की तैयारी कर रहा था।

 

फोटो सोर्स। बरेली पुलिस

चंबल एक्सप्रेस में दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, बीती 22 अक्टूबर को कोलकाता से इंदौर जा रही हावड़ा-इंदौर चंबल एक्सप्रेस में बिहार के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास लूट की घटना हुई थी। गिरोह के सदस्यों ने खुद को राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) का अधिकारी बताकर एक सराफा व्यापारी से करीब दो किलो सोना अपने कब्जे में ले लिया था। इस मामले में बिहार में मुकदमा दर्ज है। पुलिस पहले ही तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है, जबकि राहुल मौर्य फरार चल रहा था।

कारोबारी के कर्मचारी ने जुटाई थी जानकारी

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि पूछताछ में राहुल ने सचिन नाम के एक व्यक्ति की भूमिका के बारे में जानकारी दी है। सचिन सराफा व्यापारी के साथ काम करता था। उसने व्यापारी से जुड़ी जानकारियां जुटाकर लूट की योजना तैयार की थी। इसके बाद अन्य साथियों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया गया।

सोना लेकर दूसरे राज्य में भागने की थी तैयारी

एसपी साउथ के मुताबिक, राहुल पुलिस से बचते हुए बरामद सोने को ठिकाने लगाने और किसी दूसरे राज्य में जाकर छिपने की फिराक में था। इसी दौरान 20 नवंबर को मीरगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से सोने के आठ बिस्कुट, तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मीरगंज थाने में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, वारदात की साजिश और लूटे गए शेष सोने के संबंध में भी जांच की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज