10 गज जमीन ने उजाड़ दिया परिवार, बड़े भाई पर छोटे भाई की हत्या का आरोप

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सिंजोलिया में जमीन के छोटे से टुकड़े को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि महज 10 गज जमीन के बंटवारे को लेकर बड़े भाई और उसके बेटों ने मिलकर छोटे भाई की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय इरफान अपने पुश्तैनी मकान में परिवार के साथ रहता था। परिवार में लंबे समय से जमीन और घर के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत भी बैठी, लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया।

परिजनों के मुताबिक शनिवार रात विवाद उस समय बढ़ गया जब बड़े भाई अजब शाह ने कथित रूप से विवादित हिस्से की दीवार तोड़नी शुरू कर दी। इरफान ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अजब शाह ने अपने बेटों शोएब और साहिल के साथ मिलकर इरफान पर हमला कर दिया।

 

मृतक की पत्नी नसरीन का आरोप है कि हमले के दौरान इरफान के सिर पर ईंट से वार किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो साल का बेटा है। पत्नी नसरीन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की मां की तहरीर पर नवाबगंज थाने में अजब शाह, शोएब और साहिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।इंस्पेक्टर  अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज