मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने बीएलओ को दी सख्त हिदायत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

भोजीपुरा। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और सूची से मृतक व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं। यह सख्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश चंद्र ने शनिवार को भोजीपुरा क्षेत्र के घंघोरा-घंघोरी मतदान केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान दिए।

 

सोर्स। न्यूज वॉक्स

दोपहर करीब 1:15 बजे मतदान केंद्र पहुंचे जिलाधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने बूथ पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अब तक प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। करीब 20 मिनट तक चले निरीक्षण में डीएम ने पंजीकरण प्रक्रिया और घर-घर सर्वेक्षण की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाई जाए। विशेष रूप से ऐसे युवाओं और नए पात्र मतदाताओं को चिह्नित किया जाए, जो अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का समयसीमा के भीतर पारदर्शी और त्रुटिरहित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष जोर

डीएम ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का अद्यतन और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। इसके लिए मृतक और दूसरे स्थान पर स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं। साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में किसी तरह की लापरवाही न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य में गंभीरता बरतने तथा पूरी पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी। उनके औचक निरीक्षण से स्थानीय प्रशासनिक अमले में हलचल रही।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment