चीन से आने वाले सामान ने व्यापारियों के सामने खड़ा किया संकट, सीमाओं की सुरक्षा पर अखिलेश ने उठाए सवाल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बोले सपा प्रमुख- भारत की सीमाएं सुरक्षित नहीं कर पा रहे, लोकसभा की सीमाएं बदलने चले हैं; परिसीमन को बताया भाजपा की बड़ी राजनीतिक भूल

संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चीन से आने वाले सामान को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चीन से आयात होने वाले सामान ने भारतीय व्यापारियों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। व्यापारी परेशान हैं, किसान अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं पा रहे और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। इन बुनियादी समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए भाजपा परिसीमन का मुद्दा लेकर आई है। अखिलेश ने देश की सीमाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं, वे पहले देश की सीमाओं को सुरक्षित करें।

 

संभल में दिए बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि चीन से आने वाले सामान के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। देश का व्यापारी दुखी है, लेकिन सरकार इस संकट का समाधान नहीं कर पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 के बाद से भारत के क्षेत्रफल और सीमाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत की सीमाएं सिकुड़ने की बात सामने आती है, लेकिन सरकार इस पर ठोस जवाब देने के बजाय लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलने में जुटी है।

सपा प्रमुख ने परिसीमन को भाजपा की राजनीतिक रणनीति बताते हुए कहा कि किसान खाद और डीएपी के लिए परेशान हैं। धान की उचित कीमत नहीं मिल रही, युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही और व्यापारी भी संकट से जूझ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में लगातार परीक्षाएं रद्द होने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की नाराजगी बढ़ रही है। सरकार इन सवालों से बचने के लिए परिसीमन का सहारा ले रही है।

महिला आरक्षण पर उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इसके पक्ष में है, लेकिन इसमें पिछड़ी और पीडीए वर्ग की महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जनगणना के आंकड़ों को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि भाजपा की यह सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता किसान, युवा और उत्तर प्रदेश का विकास होगा। सरकार बनने पर किसानों की कर्जमाफी और गन्ने का दाम बढ़ाने का वादा भी दोहराया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment