बरेली। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। भुता थाना क्षेत्र के अहिरौला चौराहे के पास आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान एक बस सामने से आ रही दो कारों से टकरा गई। हादसे में नेपाल मूल के दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की रात करीब 12:20 बजे डायल 112 के जरिए बस और दो कारों की भिड़ंत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही भुता थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि बस संख्या UP22T2232 बरेली से बीसलपुर की ओर जा रही थी। अहिरौला चौराहे के पास बस चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दो कारें बस की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल ले जाते समय दो यात्रियों की मौत
हादसे में पहली कार HR55BE1003 में सवार नेपाल के बाजुरा निवासी अर्जुन कामी (36) और चेतराज (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। कार चालक दिल बहादुर राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी कार में सवार तीन अन्य लोगों को भी चोटें आईं। दूसरी कार HR38AL9215 में बैठे दो लोगों को सामान्य चोटें आईं।
तीनों वाहन पुलिस ने कब्जे में लिए
भुता इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने बताया कि बस द्वारा ओवरटेक करने के दौरान दो कारों से टक्कर हुई थी। हादसे में नेपाली मूल के दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस और दोनों कारों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।



