बरेली। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की नज्म ‘ऐ मेरे वालिदे मोहतरम’ को लेकर धार्मिक विवाद सामने आया है। उनकी नज्म की एक लाइन पर आपत्ति जताते हुए मकनपुर शरीफ की ओर से फतवा जारी किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि नज्म में पिता को खुदा से बढ़कर बताने की बात कही गई है, जो इस्लाम की मान्यताओं के खिलाफ है।
जानकारी के मुताबिक, मुफ्ती अबुल हम्माद मुहम्मद इस्राफील हैदरी अलमदारी, दरगाह मकनपुर शरीफ ने यह फतवा जारी किया है। यह फतवा बरेली की दरगाह हुजूर फतेह अजमेर के प्रबंधक और दरगाह जिंदा शाह मदार मकनपुर शरीफ के नायब सज्जादा सैयद इंतखाब आलम जाफरी के सवाल पर दिया गया है।
सैयद इंतखाब आलम जाफरी ने बताया कि इमरान प्रतापगढ़ी की नज्म में एक लाइन है, ‘तेरी सीखों से रोशन है मेरी हयात, रब से बढ़कर मिली तुझ में हर एक बात।’ उनका कहना है कि इस लाइन में पिता को खुदा से ऊपर रखने का भाव दिखाई देता है, जो इस्लाम की एकेश्वरवाद की मान्यता के खिलाफ है।

फतवे में तौबा और माफी मांगने की सलाह
जाफरी के मुताबिक, फतवे में इमरान प्रतापगढ़ी से दोबारा कलमा पढ़ने, अपने ईमान की पुष्टि करने और तौबा करने को कहा गया है। इसके साथ ही मुसलमानों से माफी मांगने और नज्म से विवादित लाइन हटाने की सलाह दी गई है। भविष्य में इस तरह की बात नहीं कहने की हिदायत भी दी गई है।इस मामले में दोबारा निकाह करने की सलाह दिए जाने की बात भी सामने आई है। पत्रकारों के सवाल पर सैयद इंतखाब आलम जाफरी ने दावा किया कि इमरान प्रतापगढ़ी इस्लाम से बाहर हो गए हैं।
फिलहाल इस मामले पर धार्मिक बहस शुरू हो गई है। हालांकि, इमरान प्रतापगढ़ी की ओर से इस फतवे और लगाए गए आरोपों पर उनका पक्ष सामने आना बाकी है।



