बरेली। दीपावली की खुशियों के बीच बरेली में आग की घटनाओं ने कई इलाकों में दहशत फैला दी। शहर से लेकर देहात तक अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। कहीं दुकानों में रखा सामान जल गया तो कहीं मकान, अपार्टमेंट और अस्पताल के आवासीय कमरे में आग पहुंच गई। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद दमकल विभाग की टीमें पूरी रात सक्रिय रहीं। अग्निशमन कर्मियों ने कई स्थानों पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, कुछ जगहों पर स्थानीय लोगों ने दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी।
कबाड़ और दुकानों में लगी आग
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सीबीआई पार्क के पास कबाड़ में आग लगने की सूचना पर दमकल यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने एमएफई से पानी की बौछार कर आग बुझाई। इसी तरह मॉडल टाउन पुलिस चौकी के पास क्रिकेट मैदान, बीसलपुर रोड पर रविंद्र सिंह की दुकान की छत पर रखे लकड़ी के कबाड़ में आग लग गई। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह शांत किया।

अपार्टमेंट के फ्लैट में उठा धुआं, बीए सेट पहनकर अंदर पहुंची टीम
किला थाना क्षेत्र में चौधरी तालाब के पास कमला मेंशन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अपार्टमेंट में काफी धुआं भरा हुआ था। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने बीए सेट पहनकर मोर्चा संभाला और एमएफई की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
मार्बल्स की दुकान में भीषण आग, बाइक और लैपटॉप जले
बारादरी थाना क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास स्थित शंकरा मार्बल्स एंड टाइल्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की सूचना पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद लपटों को शांत किया। इस घटना में एक बाइक, लैपटॉप और कुछ नकदी जलकर राख हो गई।
इसी क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास स्थित साईं आई केयर अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने आवासीय कमरे में रखे घरेलू सामान में भी आग लग गई। अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर तथा पानी की मदद से दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी।
मकान में आग, सिलेंडर में लगी लपटें; ग्रामीणों ने भी संभाला मोर्चा
हाफिजगंज क्षेत्र में एक मकान के घरेलू सामान में आग लगने की सूचना पर दमकल टीम ने पहुंचकर आग बुझाई। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ईधजागीर में शिवपाल के घर एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया।
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के उनई गांव में एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी थी। इसके अलावा बहेड़ी थाना क्षेत्र में नैनीताल रोड स्थित न्यू तड़का होटल में भी आग लग गई, जिसे ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बुझा दिया।
पुआल में भी लगी आग, दमकल विभाग रहा अलर्ट
बहेड़ी से लौटते समय दमकल विभाग को देवरनिया थाना क्षेत्र के बसुधरन जागीर गांव में पुआल में आग लगने की सूचना मिली। टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में जानकारी मिली कि ग्रामीणों ने आग बुझा दी है। इस तरह दीपावली की रात बरेली में आग की कई घटनाओं ने दमकल विभाग की सक्रियता बढ़ाए रखी। कई जगह अग्निशमन कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों के प्रयास से आग को फैलने से रोक लिया गया।



