बरेली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब में बाबरी मस्जिद विध्वंस का जिक्र सामने आने के बाद सियासी और सामाजिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। इस बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद गिराए जाने पर सिर्फ सोनिया गांधी ही नहीं रोई थीं, बल्कि देश के करोड़ों अमन पसंद और इंसाफ में विश्वास रखने वाले लोगों की आंखें भी नम थीं। उन्होंने इस घटना के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार और प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव की भूमिका को जिम्मेदार ठहराया।
मौलाना ने कहा कि बाबरी मस्जिद की सुरक्षा को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने अदालत में भरोसा दिया था, जबकि केंद्र में पीवी नरसिंह राव प्रधानमंत्री थे। इसके बावजूद मस्जिद को गिराए जाने से नहीं बचाया जा सका। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मुस्लिम सांसद लगातार प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रभावी कदम उठाने में देरी हुई। मौलाना के मुताबिक, जब तक कार्रवाई हुई, तब तक मस्जिद का वजूद मिट चुका था।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने बाद में उसी स्थान पर मस्जिद बनवाने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आज वहां सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर बन चुका है।
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि बाबरी मस्जिद प्रकरण कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास की बड़ी चूक साबित हुआ। उनके मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व की नाकामी और गलत फैसलों के कारण मुस्लिम समाज का भरोसा पार्टी से कमजोर हुआ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की लगातार कमजोर होती स्थिति के पीछे भी उन्होंने इन्हीं गलतियों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आज भी उस दौर के फैसलों का राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।



