बरेली। डीडी पुरम क्षेत्र में CM ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों की समस्याएं सामने आई हैं। इन समस्याओं के विरोध में पूर्व सपा प्रवक्ता मयंक शुक्ला के नेतृत्व में रविवार को डीडी पुरम में धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य की वजह से यातायात प्रभावित होने, सड़क की चौड़ाई कम होने, फुटपाथ के स्वरूप में बदलाव और कारोबार पर पड़ रहे असर का मुद्दा उठाया।

धरने को संबोधित करते हुए मयंक शुक्ला ने कहा कि सड़क की चौड़ाई कम होने और फुटपाथ निर्माण के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका कहना था कि निर्माण कार्य के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और दुकानदारों के कारोबार के साथ-साथ आम लोगों के आवागमन पर भी असर पड़ रहा है।

मयंक शुक्ला ने आरोप लगाया कि डीडी पुरम क्षेत्र में सभासद, मेयर, विधायक एवं कैबिनेट मंत्री और सांसद समेत प्रमुख जनप्रतिनिधि भाजपा से हैं। इसके बावजूद व्यावसायिक क्षेत्र में निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने CM ग्रिड योजना के तहत हुए कार्यों की दोबारा समीक्षा कराने की मांग की।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क को पर्याप्त चौड़ा रखने, फुटपाथ के डिजाइन और स्वरूप की समीक्षा करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही आरोप लगाया गया कि जिस ठेकेदार को समय से काम पूरा नहीं करने पर नोटिस और पेनल्टी लगाई गई थी, उसे पहले चरण का काम पूरा होने से पहले दोबारा काम दिए जाने की बात सामने आ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता या मिलीभगत सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होने चाहिए। किसी भी योजना को लागू करते समय स्थानीय लोगों की समस्याओं और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से CM ग्रिड के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
अशोक शुक्ला सीए, राजेश मलिक और तेजपाल सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि CM ग्रिड योजना के अव्यवस्थित कार्यों से क्षेत्र का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की वजह से दुकानदारों और ग्राहकों को हो रही परेशानी का समाधान कराने की मांग की।
धरने में अनुज गंगवार, भुवनेश यादव, विक्रांत सिंह पाल, दीपक यादव, कलेश ठाकुर, अभिषेक यादव, किशन यादव, मुशाहिद खान, सैयद नाजिश उस्मानी, शानू मेवाती, हेमा बत्तरा, मोहसिन खान, ऐना खान, अमन यादव, अभिषेक रॉय, रवि कुमार गौतम, आदित्य कश्यप, मुजाहिद खान, जावेद मलिक गद्दी, महेश यादव, अरुण यादव, मोहित प्रजापति, अनिकेत सिंह, अनुज उपाध्याय, रोहित प्रजापति, अकरम, ओमवीर यादव, हरवीर बॉबी, संगीता कौशल, धर्मेश, राशिद, केशव मिश्रा, फरान अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे।



