संदिग्ध हालात में पत्नी और प्रेमी को देख चुका था पप्पू, पुलिस के मुताबिक इसके बाद रची गई हत्या की साजिश

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

भुता थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय पप्पू की हत्या के मामले में पुलिस ने शव बरामद करते हुए जांच का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले पप्पू ने अपनी पत्नी नरगिस और उसके कथित प्रेमी राजा उर्फ रियाज को संदिग्ध परिस्थितियों में देख लिया था। पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों ने पप्पू को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 11 सितंबर की रात कथित तौर पर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई और शव को हरे रंग के कट्टे में भरकर मोटरसाइकिल से करीब चार किलोमीटर दूर मिर्जापुर भट्ठे के पास नहर की झाड़ियों में फेंक दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मामले को गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की गई। पप्पू की पत्नी नरगिस ने 15 सितंबर को थाने पहुंचकर पति के लापता होने की सूचना दी। अगले दिन 16 सितंबर को उसने फैजनगर निवासी राजा उर्फ रियाज पुत्र सलीम के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी। पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में वह गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में घटना से जुड़ी जानकारी सामने आई।

 

पुलिस के मुताबिक, राजा ने पूछताछ में बताया कि 11 सितंबर की रात वह नरगिस के घर पहुंचा था। उसके कथित बयान के अनुसार, नरगिस ने पप्पू के पैर पकड़ लिए और रस्सी से उसका गला घोंट दिया गया। इसके बाद शव को कट्टे में भरकर मोटरसाइकिल से नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।

राजा की निशानदेही पर पुलिस नरगिस और राजा को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां झाड़ियों से पप्पू का शव बरामद हुआ। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बताई जा रही मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजा ने नरगिस से करीब चार वर्ष से संबंध होने की बात बताई है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब हत्या की वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इंस्पेक्टर का बयान

भुता थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी राजा उर्फ रियाज से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पप्पू का शव नहर किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले मृतक ने दोनों आरोपियों को संदिग्ध परिस्थितियों में देख लिया था। मामले में हत्या के कारणों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज