26 सितंबर के बरेली उपद्रव में दो और गिरफ्तार, पुलिस का दावा- बैठक में बनी थी घटना की रूपरेखा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। शहर में 26 सितंबर 2025 को हुए उपद्रव में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैंट पुलिस ने फरीदापुर चौधरी निवासी रफीक बेग (58) और मुख्तियार अहमद (58) को मंगलवार सुबह करीब 8:35 बजे फरीदापुर चौधरी के पास खाली मैदान से पकड़ा। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान दोनों के नाम सामने आए थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारी आशुतोष शिवम के मुताबिक 26 सितंबर की घटना के संबंध में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 489/25 दर्ज किया गया था। मुकदमे में बीएनएस, लोक संपत्ति निवारण अधिनियम और सीएल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत करीब 25 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए लगातार विवेचना की गई। जांच में अब तक 66 लोगों के नाम सामने आए हैं और पुलिस का कहना है कि इनके खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। शेष अज्ञात आरोपियों के संबंध में जांच अभी जारी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में 19 सितंबर 2025 को फरीदापुर चौधरी में हुई एक बैठक का जिक्र सामने आया। पुलिस का दावा है कि इस बैठक में 26 सितंबर को होने वाली गतिविधियों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई थी। दोनों आरोपी भी करीब 100 अन्य लोगों के साथ बैठक में मौजूद थे।

आशुतोष शिवम के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 26 सितंबर को भीड़ के साथ घटनास्थल की ओर जाने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज दिखाकर आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने कुछ अन्य लोगों की पहचान भी की।

पुलिस के अनुसार वीडियो और पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज