आंवला में नाले में बहा युवक, करीब 20 घंटे बाद मिला शव

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। आंवला में सोमवार शाम हुई तेज बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पुराना मंदिर के पास तेज बहाव वाले नाले में गिरकर लापता हुए 30 से 32 वर्षीय हसनैन का शव मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बरामद हुआ। रातभर चले रेस्क्यू के बाद सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान में नगर पालिका और प्रशासनिक टीमों को सफलता मिली।

 

फोटो में घटना स्थल का

बताया गया कि सोमवार शाम करीब 7:15 बजे सूचना मिली कि पुराना मंदिर के सामने नाले में एक युवक गिर गया है। सूचना मिलते ही चेयरमैन आबिद रजा, नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी, एसडीएम, सीओ, इंस्पेक्टर और वार्ड सभासद मौके पर पहुंच गए। तेज बारिश के बीच रात करीब 12:30 बजे तक युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार सुबह पांच बजे से फिर अभियान शुरू किया गया। नगर पालिका टीम के साथ प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग भी तलाश में जुटे रहे। करीब 3:30 बजे नाले में पानी के साथ शव ऊपर आने पर उसे बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान बजरिया के गद्दी मोहल्ला निवासी हसनैन के रूप में हुई। वार्ड सभासद मोहम्मद अहमद ने उसकी पहचान की। परिजनों को बुलाकर भी शिनाख्त कराई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि रेस्क्यू अभियान में नगर पालिका, राजस्व, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें शामिल रहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

करीब 20 दिन पहले भी आंवला में तेज बारिश के दौरान मासूम प्रीत नाले में बह गया था। उसका शव 48 घंटे बाद मिला था। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने बारिश के दौरान नालों की सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment