ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी की खेती पर 50% तक अनुदान, जानें आवेदन प्रक्रिया

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जिले के किसानों को बागवानी के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के माध्यम से किसान कम लागत में आधुनिक और अधिक लाभदायक खेती की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।

योजना के अंतर्गत ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी और पपीते के नए बाग लगाने पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा संकर शाकभाजी की खेती, प्याज और लहसुन का क्षेत्र विस्तार, खेतों की फेंसिंग, पावर टिलर, ईको-फ्रेंडली लाइट ट्रैप, लो-कॉस्ट मशरूम उत्पादन इकाई और सब्जियों के लिए मचान निर्माण जैसी गतिविधियों पर भी आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

 

जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को उद्यान विभाग के डीबीटी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के समय खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट आकार का फोटो, मोबाइल नंबर तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण पत्र आवश्यक होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्र किसानों का चयन ‘पहले आवेदन, पहले लाभ’ के सिद्धांत पर किया जाएगा। इसलिए इच्छुक किसानों को बिना देरी किए आवेदन करने की सलाह दी गई है।
योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, सौ फुटा रोड, डेलापीर, बरेली में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं या विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9151066859 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment