खराब मौसम ने बदला कार्यक्रम, राज्यपाल नहीं पहुंचीं बरेली

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को तय समय पर आयोजित हुआ, लेकिन खराब मौसम के कारण उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बरेली नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने लखनऊ से ही वर्चुअल माध्यम के जरिए समारोह की अध्यक्षता की और विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों में ऑनलाइन शामिल हुईं।

सोर्स।सोशल मीडिया

राज्यपाल के सुबह राजकीय हेलिकॉप्टर से बरेली पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था। इससे पहले उनके ट्रेन से आने की योजना बनाई गई थी, लेकिन उसमें बदलाव कर हेलिकॉप्टर से आगमन तय किया गया। हालांकि मौसम अनुकूल न होने के कारण उनका दौरा अंतिम समय में निरस्त कर दिया गया। इसकी जानकारी सबसे पहले पुलिस वायरलेस के जरिए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को दी गई, जिसके बाद यह सूचना सार्वजनिक हुई।

दूसरी ओर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले ही सभी आमंत्रित अतिथियों और आगंतुकों को सुबह 9:30 बजे तक परिसर पहुंचने के निर्देश दिए थे। समय सीमा के बाद प्रवेश नहीं देने की व्यवस्था भी लागू की गई थी, इसलिए अधिकांश लोग समय से पहले ही विश्वविद्यालय पहुंच गए थे।दौरा रद्द होने के बावजूद समारोह में कोई बदलाव नहीं किया गया। राज्यपाल ने ऑनलाइन माध्यम से कृषि विभाग के नए भवन और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का लोकार्पण किया ।

इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के 82 स्वर्ण पदकों में 69 छात्राओं और 13 छात्रों ने स्थान बनाया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व संयुक्त सचिव डॉ. राकेश कुमार मौजूद रहे। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी का कार्यक्रम भी निरस्त हो गया। सांसद छत्रपाल गंगवार विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय पर पूरी कराईं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment