बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बदायूं-बरेली रोड स्थित भमोरा बाईपास, आंवला में विशाल कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारे का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। शिविर का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह में महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष (आंवला) आदेश प्रताप सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विश्राम गृह, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, विशाल भंडारा, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से लगातार निगरानी रखने और समय-समय पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने स्वयं कांवड़ यात्रियों को भोजन परोसकर सेवा भाव का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए इस पहल को यात्रा के लिए बेहद उपयोगी बताया।



