बरेली और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक, सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहा फोकस
बरेली। कांवड़ यात्रा और सावन माह के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण गुरुवार को बरेली पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सर्किट हाउस में बरेली और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में दोनों मंडलों के मंडलायुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी के साथ बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के डीएम व एसपी शामिल हुए। सभी जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में की गई तैयारियों की जानकारी साझा की।
जिला प्रशासन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और बुकलेट के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया।
मुख्य सचिव और डीजीपी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मीडिया से बातचीत में डीजीपी ने कहा कि महिला कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है साथ ही डीजे साउंड की वॉल्यूम को नियंत्रित करने , शराब ,मांस की दुकानों को प्रतिबंधित करने के लिए भी निर्देश दिए गए है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। शासन की ओर से तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



