रामगंगा नदी में डूबने से बीटेक छात्र की मौत, 7 घंटे बाद SDRF ने बरामद किया शव

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

आंवला।

अलीगंज थाना क्षेत्र के रौहतापुर घाट पर बुधवार को रामगंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटे की खोजबीन के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

मृतक की पहचान महोबा गांव निवासी 22 वर्षीय अजय, पुत्र दिनेश उर्फ मनोहर लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय अपने दोस्तों के साथ रौहतापुर घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अलीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया। वहीं, सुभाष नगर थाना क्षेत्र के टांडा गांव से अनुभवी गोताखोर भी सर्च अभियान में शामिल हुए।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीएम आंवला, सीओ आंवला और एडीएम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव कार्य की निगरानी की। करीब सात घंटे तक चले अभियान के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार अजय परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। वह बीटेक की पढ़ाई के साथ जयपुर में नौकरी भी करता था और छुट्टियों में अपने गांव आया हुआ था। उसकी असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज