छुट्टियां मनाने घर आया मर्चेंट नेवी इंजीनियर की हादसे में मौत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। परिवार के साथ कुछ सुकून भरे दिन बिताने के लिए छुट्टी पर घर लौटे मर्चेंट नेवी के एक युवा इंजीनियर की जिंदगी सड़क हादसे ने छीन ली। सोमवार तड़के कैंट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा वीरांगना चौराहे के पास सेंट मारिया स्कूल के सामने सुबह करीब 3:45 बजे हुआ। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। शुरुआती जांच में उसकी पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों से फोटो साझा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया।

जांच के दौरान पता चला कि हादसे में शुभम पाठक भी घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुभम ने पुलिस को बताया कि रविवार रात ऋषि अरविंदो उनके घर आए थे। दोनों ने साथ भोजन किया और रात करीब 1:30 बजे स्कूटी से कैंट क्षेत्र की ओर निकल गए। वीरांगना चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। होश आने पर शुभम को ऋषि दिखाई नहीं दिए। वह किसी तरह घर पहुंचे, जहां से परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।बाद में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान नवादा जोगियान, दुर्गा नगर निवासी ऋषि अरविंदो के रूप में की। परिवार के अनुसार, ऋषि एक निजी शिपिंग कंपनी में शिप मेंटेनेंस इंजीनियर थे और कुछ दिन की छुट्टी पर घर आए हुए थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि हादसे के बाद फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज