बरेली।हवाई अड्डा नैनीताल रोड स्थित डेयरी किसानों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न के विरोध में किसान एकता संघ ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में मंगलवार को हवाई अड्डा गेट पर राजेंद्र खलीफा की डेयरी के सामने सांकेतिक धरना दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए डॉ. रवि नागर ने आरोप लगाया कि भोजीपुरा टोल प्लाजा के कर्मचारी जानबूझकर गरीब डेयरी किसानों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर केवल डेयरी किसानों के खिलाफ कार्रवाई करना पूरी तरह भेदभावपूर्ण है। यदि अतिक्रमण हटाना ही है तो प्रशासन को सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई करनी चाहिए।
किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसान एकता संघ किसी भी कीमत पर डेयरी किसानों के साथ हो रहे उत्पीड़न और तानाशाही कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर संगठन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा को ज्ञापन सौंपकर टोल प्रशासन की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की गई थी। मांगें न माने जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई थी।
डॉ. रवि नागर ने जानकारी दी कि बुधवार 11 फरवरी को सुबह 11 बजे पदयात्रा निकाली जाएगी, जो टोल प्लाजा तक पहुंचेगी। पदयात्रा के दौरान टोल प्लाजा मैनेजर को ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट किया जाएगा कि अतिक्रमण के नाम पर बीच में से गरीब किसानों पर कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि एकतरफा कार्रवाई हुई तो किसान आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रशासन की होगी।
धरने में प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पं. राजेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामपाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बोहरन लाल, वीरेश भगत, वीरेश गुर्जर, श्रीराम सिंह, जगपाल, प्रेमपाल सिंह, अमर सिंह, नन्हे पहलवान, इमरान, राजेंद्र खलीफा, वीरपाल, हीरालाल, पप्पू, भगत सिंह, पेशकार, बंटू, सुल्ला, हरद्वारी पाल, लखपत यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



