बरेली। सामाजिक न्याय फ्रंट बरेली के तत्वावधान में जाति जनगणना एवं सामाजिक न्याय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विद्वान चिंतक, लेखक, शिक्षाविद और वरिष्ठ पत्रकारों ने भाग लेकर सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विद्वान लेखक डॉ. लक्ष्मण यादव, आर्टिकल 19 चैनल के मुख्य संपादक और मुखर पत्रकार नवीन कुमार, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से प्रोफेसर डॉ. केशव कुमार तथा मुरादाबाद हिंदू कॉलेज के प्रोफेसर रमाकांत ठाकुर शामिल रहे।
वक्ताओं ने सरकारी नीतियों से उत्पन्न सामाजिक असमानता और बहुजन समाज के साथ हो रहे अन्याय पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए बहुजन समाज को अपने महापुरुषों के आंदोलनों और विचारों से प्रेरणा लेते हुए संगठित होना होगा तथा उसी अनुरूप अपनी कार्यशैली तय करनी होगी। उन्होंने समाज को जागरूक रहने और संवैधानिक अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।
सम्मेलन के मुख्य संयोजक सुरेंद्र प्रजापति ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बहुजन समाज में जागरूकता लाना और एससी तथा ओबीसी समाज के बीच एकता को मजबूत करना था, जिसे सम्मेलन में उपस्थित जनसमूह ने साकार कर दिखाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सत्य प्रकाश पटेल ने सम्मेलन में उपस्थित सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।




